Bihar: नवविवाहिता की मौत का मामला, परिजनों ने एसएसपी से लगाई गुहार; हत्या को सुसाइड दिखाने का आरोप
Bihar News: मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता खुशबू कुमारी की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए एसएसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस पर मामले को सुसाइड दिखाने और कमजोर धाराएं लगाने का आरोप है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में बीते दिनों एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बुधवार को पीड़ित परिजन एसएसपी सुशील कुमार के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने वरीय अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने साजिश के तहत खुशबू कुमारी की हत्या की है और पुलिस उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। मृतका 28 वर्षीय खुशबू कुमारी की लाश उसके बेड पर ही संदिग्ध अवस्था में मिली थी। परिजनों का कहना है कि दम घुटने से मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है, जबकि मौके से बरामद ग्लव्स यह संकेत देते हैं कि उसकी हत्या की गई है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि इस घटना में मृतका का पति सुधांशु उर्फ विक्की कुमार भी शामिल है, लेकिन पुलिस ने केवल औपचारिक कार्रवाई करते हुए मामले को कमजोर धाराओं में दर्ज किया और सिर्फ एक आरोपी को जेल भेजा, जबकि पूरा परिवार इस साजिश में शामिल है। परिजनों का कहना है कि यदि वरीय अधिकारी निष्पक्ष जांच करें तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
पटना जिले की रहने वाली खुशबू कुमारी की शादी 1 जुलाई 2025 को मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र निवासी सुधांशु कुमार उर्फ विक्की से धूमधाम से हुई थी, जिसमें काफी खर्च किया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी।
मृतका के भाई व व्यवसायी वर्धमान सिंह ने कहा कि उनकी बहन की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में सिर्फ पति ही नहीं, बल्कि पूरा परिवार शामिल है, जिनमें संजीव सिंह और उनकी पत्नी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि खुशबू ने पहले भी दहेज को लेकर हो रही प्रताड़ना की जानकारी परिवार को दी थी।
पढे़ं: दस हजार घूस लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, स्पेशल विजलेंस ने रंगे हाथों दबोचा; BDO का भी था हिस्सा
पीड़ित परिवार के अधिवक्ता ने बताया कि मामले में पुलिस जांच में कई गंभीर त्रुटियां हैं। साक्ष्य संकलन ठीक से नहीं किया गया है और मृतका के बेड से बरामद ग्लव्स समेत कई बिंदुओं पर गहन जांच की आवश्यकता है। अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस का व्यवहार पीड़ित परिवार के प्रति सहयोगात्मक नहीं रहा और कमजोर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों को लाभ पहुंचाया गया है।
वहीं, पूरे मामले पर ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विजय लक्ष्मी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।