{"_id":"6a95310600d808ac570857ff","slug":"bihar-vaishali-bpsc-teacher-madhu-pal-suicide-kanpur-love-marriage-hajipur-news-vaishali-news-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1236-4669893-2026-08-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार: यूपी पुलिस की नौकरी ठुकराई, प्रेमी से शादी की; तीन महीने बाद फंदे से लटकी मिली बीपीएससी शिक्षिका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार: यूपी पुलिस की नौकरी ठुकराई, प्रेमी से शादी की; तीन महीने बाद फंदे से लटकी मिली बीपीएससी शिक्षिका
Mon, 31 Aug 2026 05:28 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वैशाली
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Mon, 31 Aug 2026 05:28 PM IST
सार
Bihar News: वैशाली में बीपीएससी शिक्षिका मधु पाल की आत्महत्या के मामले में पुलिस उनके कानपुर निवासी मायके पक्ष के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। प्रेम विवाह के बाद पारिवारिक दबाव और मानसिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस मोबाइल, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
वैशाली जिले के चेहराकलां प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय की बीपीएससी शिक्षिका मधु पाल की आत्महत्या के मामले में पुलिस अब मृतका के मायके पक्ष के परिजनों के कानपुर से वैशाली पहुंचने का इंतजार कर रही है। उनके आने के बाद ही पुलिस इस मामले में आगे की औपचारिक कार्रवाई और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करेगी।
विज्ञापन
बचपन के प्यार के लिए ठुकराई थी यूपी पुलिस की नौकरी
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के मसवानपुर, कल्याणपुर की रहने वाली मधु पाल ने अपने बचपन के प्रेमी गौरव कुमार पाल के साथ करीब तीन महीने पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे। मधु ने अपने प्यार को मुकाम देने के लिए इससे पहले यूपी पुलिस की नौकरी तक ठुकरा दी थी और बीपीएससी परीक्षा पास कर शिक्षिका बनी थीं, ताकि दोनों बिहार में एक साथ रह सकें।
विज्ञापन
शादी के बाद बढ़ा पारिवारिक दबाव, मानसिक तनाव में थीं मधु
शादी के बाद से ही मधु के माता-पिता इस रिश्ते से बेहद नाराज थे और लगातार उन पर पति गौरव को छोड़कर दूसरी जगह विवाह करने का दबाव बना रहे थे। इस चौतरफा मानसिक तनाव और कलह के कारण वह गहरे अवसाद में थीं। तनाव का आलम यह था कि कुछ समय पहले वह सब कुछ छोड़कर संन्यासी बनने तक निकल गई थीं। उन्हें बाद में स्थानीय लोगों और स्कूल की एक छात्रा की सूझबूझ से वापस लाया गया था।
विज्ञापन
कमरे में फंदे से लटकी मिलीं, मौके पर पहुंची एफएसएल टीम
शनिवार को स्कूल से लौटने के बाद शिक्षिका ने अपने किराए के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी थी। घटना के बाद कटहरा थाने की पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, पुराने नोट्स और वीडियो को खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें: आरक्षण पर सियासत तेज, मंत्री संतोष सुमन बोले- जरूरत पड़ी तो चिराग पासवान के साथ देंगे इस्तीफा
परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस का कहना है कि मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद इस घटना के हर पहलू से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतका के परिजनों के वैशाली पहुंचने का इंतजार है।