Bihar: मौसी-भांजे के प्रेम-प्रसंग को लेकर यहां हुई पंचायत, शादी की रस्में पूरी होने के बाद मामला हुआ शांत
बिहार के वैशाली जिले के रोहुआ गांव में रिश्तों की मर्यादा से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक को अपनी मौसी के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में परिजनों और ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बताया गया कि दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था।
विस्तार
बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। भगवानपुर थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव में एक युवक अपनी सगी मौसी से मिलने पहुंचा था, जहां दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। मामला बढ़ने पर पंचायत बुलाई गई और ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई। इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दो वर्षों से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
जानकारी के अनुसार, वैशाली थाना क्षेत्र के रत्ती भगवानपुर निवासी गोलू महतो का अपनी सगी मौसी के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते थे और समय के साथ उनका लगाव प्रेम संबंध में बदल गया।
मुलाकात के दौरान आ गए परिजन
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गोलू महतो अपनी प्रेमिका से मिलने रोहुआ गांव स्थित उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान गोलू के नाना जगलाल महतो ने दोनों को एक कमरे में देख लिया। अचानक सामने आए परिजन को देखकर दोनों घबरा गए। इसके बाद घर में शोर-शराबा शुरू हो गया। ग्रामीणों ने दोनों पर रिश्ते की मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया। घटना को लेकर गांव में काफी देर तक हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पंचायत बुलाई गई, घंटों चली चर्चा
मामले को शांत कराने के लिए गांव के प्रबुद्ध लोगों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद एक पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों की बात सुनी गई। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में इस बात पर चर्चा हुई कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जता रहे थे। सामाजिक स्थिति और आगे होने वाले विवादों को देखते हुए पंचायत ने मामले का समाधान निकालने की कोशिश की।
ये भी पढ़ें- Bihar News: रिशुश्री केस में 15 कंपनियों की कुंडली खंगालने में जुटी सरकारी एजेंसियां, जानिए पूरा मामला
पंचायत के फैसले के बाद कराई गई शादी
घंटों चली चर्चा के बाद पंचायत ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि यदि दोनों साथ रहने पर अड़े हैं, तो उनकी शादी करा दी जाए। इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। शादी की रस्में पूरी होने के बाद मामला शांत हुआ।