Bihar News: मोतिहारी में हीट वेब की चपेट में आने से स्कूली छात्रा हुई बेहोश, अस्पताल में भर्ती
Motihari News: प्रधानाध्यापक बृजेश्वरम देव ने बताया कि उक्त छात्रा की तबीयत पहले से ही खराब थी। आज विद्यालय में इसकी तबीयत अचानक खराब हो गई और यह बेहोश होकर गिर गई। साथ ही उन्होंने कहा कि चिलचिलाती गर्मी के प्रभाव से इनकार नहीं किया जा सकता है।
विस्तार
मोतिहारी के गणेश महावीर +2 विद्यालय रामगढ़वा में नौंवी वर्ग की एक छात्रा कक्षा में बेहोश होकर गिर गई। इसकी वजह चिलचिलाती गर्मी का असर माना जा रहा है। उक्त छात्रा के बेहोश होकर गिरने से पूरे विद्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। इधर, गर्मी की वजह से इस प्रकार की घटना स्कूली छात्रों में आए दिन देखने को मिल रही हैं। रामगढ़वा में भी छात्रा के बेहोश होने से लोगों में अब चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, उक्त छात्रा की पहचान सूखी सेमारा निवासी ब्रजेश ओझा की बेटी काजल कुमारी के तौर पर हुई। काजल कुमारी रामगढ़वा स्टेशन रोड स्थित अपने घर वालों के साथ रहती है। स्कूल में कक्षा का संचालन हो रहा था तभी यह घटना घटित हुई। छात्रा के बेहोश होते ही विद्यालय कर्मियों के होश उड़ गए।
बताया जा रहा है कि क्लास ले रहीं शिक्षिका नीलम कुमारी ने छात्रा के बेहोश हो जाने की सूचना एचएम बृजेश्वरम देव को दी। उसके बाद एचएम बृजेश्वरम देव, शिक्षिका नीलम कुमारी और कनिय लिपिक धीरेंद्र किशोर पांडेय ने उक्त छात्रा को रामगढ़वा पीएचसी में भर्ती कराया। फिर इसकी सूचना छात्रा के अभिभावक को दी। पीएचसी में उक्त छात्रा का चिकित्सकों ने इलाज किया। चिकित्सकों ने बताया कि छात्रा की हालत इलाज के बाद अब सामान्य हो गई है।
इस संदर्भ में पूछने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक बृजेश्वरम देव ने बताया कि उक्त छात्रा की तबीयत पहले से ही खराब थी। उनके अनुसार इसको सांस लेने में तकलीफ की समस्या पहले से थी। इसके साथ ऐसी घटना पहले भी घटित हो चुकी है। आज भी विद्यालय में इसकी तबीयत अचानक खराब हो गई और यह बेहोश होकर गिर गई। साथ ही उन्होंने कहा कि चिलचिलाती गर्मी के प्रभाव से इनकार नहीं किया जा सकता है। रामगढ़वा के प्रभारी चिकित्सा डॉ. एनडी सिंह ने बताया कि छात्रा को हीट वेब का असर हुआ है।
वैसे कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस भयंकर गर्मी को देखकर छात्रों के पठन पाठन की तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत को बताया है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और जन सुराज नेता राजीव श्रीवास्तव, हरिमोहन भगत, झुनू पाण्डेय इत्यादि ने डीएम से इस पर पहल करने की मांग की है। इन लोगों ने कहा कि पड़ रही इस भयंकर गर्मी के प्रभाव से इनकार नहीं किया जा सकता है। विद्यालय में एक कक्ष में एक साथ कई बच्चे बैठते हैं और इससे ज्यादा परेशानी होती है।
हीट वेब बन रही जानलेवा, स्कूली छात्रों और बुजुर्गों के लिए बनी खतरा
मोतिहारी में लगातार हीट वेब का कहर बना हुआ है और अभी तक इसका ज्यादातर असर स्कूली छात्रों पर देखने को मिला है। साथ ही यह बुजुर्ग लोगों के लिए भी शामत लेकर आया है। जिले में हीट वेब के दौरान भी स्कूलों में वर्ग संचालन होता रहा और इसका खामियाजा भी कई छात्रों को भुगतना पड़ा है। रामगढ़वा के गणेश महावीर +2 विद्यालय की नौंवी वर्ग की छात्रा के कक्षा में बेहोशी की सबसे ताजा घटना है। इसके पहले भी छात्र हीट वेब का शिकार हो चुके हैं।
28 जुलाई को पताही में भी एक छात्र बेहोश हो गया था। यहां उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बारा शंकर की एक छात्र भी कक्षा में बेहोश हो गई थी। उसके बाद उसका इलाज कराया गया। होश में आने पर उसके सीने में दर्द होने लगा। मोतिहारी सदर अस्पताल में इलाज के बाद वह ठीक हुआ।
वहीं, इस भीषण गर्मी का असर बुजुर्ग लोगों पर भी देखा जा रहा है। 30 जुलाई को बिजबनी दक्षिणी पंचायत के जगीरहा निवासी रामबाबू महतो की पत्नी की मौत हीट वेब से हो गई थी। जीतना थाना क्षेत्र में भी हीट वेब से एक महिला बेहोश होकर गिर गई, जिसकी वजह चिलचिलाती गर्मी का असर बताया गया था।
इधर, अरेराज में भी एक छात्र की विद्यालय में मौत हो चुकी है। मामला अरेराज बीआरसी के पास स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बालक की है। मृतक छात्र की पहचान सोनेलाल साह के 11 वर्षीय बेटे रवि राज के रूप में की गई थी। उक्त छात्र ने टिफिन के दौरान आइसक्रीम खाई थी। उसके बाद इसके सीने में तेज दर्द हुआ, फिर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जुलाई में हीट वेब का प्रभाव इस साल ज्यादा रहा और कई लोग आसामयिक मौत का शिकार हुए। प्राइमरी से माध्यमिक कक्षा के छात्र इससे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। अभी भी हीट वेब में कमी नहीं आई है। जुलाई के आरंभ में हलकी बारिश हुई और उसके बाद पूरे जिले में वर्षा गायब हो गई और उमस भरी गर्मी का प्रभाव लोगों को झेलना पड़ा है। आज से हवा का बहाव शुरू हुआ है। लेकिन बारिश नहीं हो रही है। बारिश न होने का असर हीट वेब के रूप मे सामने आया है।