Bihar Crime: पुलिस को भी खदेड़ा, फिर थाने में शिकायत; वैशाली में जमीन कब्जे को लेकर हुआ जमकर बवाल
Bihar: बताया जाता है कि रास्ते के विवाद को लेकर गुरुवार को आरोपियों ने पीड़ित परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस को भी खदेड़ दिया।
विस्तार
वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र के खरजम्मा गांव में जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने एक दलित परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं और बच्चों समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़िता मीणा देवी ने बताया कि उनका घर नदी में बह जाने के बाद परिवार ने 2008 में गांव में ढाई कट्ठा जमीन खरीदी थी। इसमें से एक कट्ठा जमीन पर गांव के दबंगों ने कब्जा कर लिया था। इस मामले में 2013 में कोर्ट का फैसला पीड़ित परिवार के पक्ष में आया, बावजूद इसके आरोपित लगातार उत्पीड़न करते रहे।
बताया जाता है कि रास्ते के विवाद को लेकर गुरुवार को आरोपियों ने पीड़ित परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस को भी खदेड़ दिया।
पढ़ें; पुलिस ने टिट्टू धमाका गैंग के तीन लोगों को हथियार संग दबोचा, एसपी ने दी जानकारी
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।