Bihar News : प्लास्टिक में पैक शव, जलाने के लिए टायर-पेट्राेल के साथ यूरिया! बिहार में अब यह क्या मामला खुला?
Bihar Police : थोड़ी देरी होती तो बटोरने के लिए कोयला ही मिलता। क्योंकि, प्लास्टिक की बोरी में बंद शव को जलाने के लिए टायर और पेट्रोल के साथ यूरिया का भी इंतजाम हो चुका था। पुलिस के सामने यह मामला आइने की तरह साफ है, हालांकि पोस्टमार्टम कराया जा रहा।
विस्तार
30 साल की महिला को मारकर प्लास्टिक की बोरी में बंद रखा गया था। अंतिम संस्कार करना नहीं था, शव को जल्दी से जला डालना था इसलिए लकड़ी नहीं बल्कि टायर-पेट्रोल के साथ यूरिया खाद का इंतजाम रखा गया था। नहर के पास शव पहुंच चुका था और जलाने का यह इंतजाम भी। लेकिन, इसी बीच कानोंकान खबर महिला के मायके वालों तक पहुंच गई। मायके वाले इस तरह शव दाह की तैयारी देख चौंक गए। ससुराल वालों से ठन गई। शव को जलाने से रोकने का प्रयास किया तो पिटाई हो गई, लेकिन जलने नहीं दिया। इस हंगामे की खबर पुलिस तक पहुंची तो उसके आने के पहले ससुराल वाले फरार हो गए। हत्या का यह केस पुलिस के सामने आइने की तरह साफ होकर आया है और आरोप दहेज में बाइक नहीं देने के कारण मार डालने का है। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बिहार के बेतिया में हुई यह घटना, ससुराली फरार
बिहार के बेतिया में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का यह मामला आया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। घटना मझौलिया थाना क्षेत्र के मझौलिया की है। मृतका की पहचान चम्पा देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज बेतिया भेज दिया है। ससुराल वाले घर छोड़ फरार हैं।
शादी के छह साल बाद बाइक नहीं देने पर मार डाला
मृतका के पिता रामानंद महतो ने बताया कि 6 साल पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी हरिरंजन महतो से की थी। कुछ दिनों से ससुराल वाले बाइक की मांग को लेकर चम्पा को प्रताड़ित कर रहे थे। हमेशा मारपीट करते थे। संभवत: गुरुवार की रात ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। ससुराल वाले शव को जलाने के लिए टायर, यूरिया और पेट्रोल लेकर घर से एक किलोमीटर दूर 80 आरडी अमवा नहर के पास पहुंच थे तो ग्रामीणों ने सूचना दी। पहुंचे तो देखा कि आरोपी ससुराल वाले शव को जलाने की तैयारी कर रहे हैं। शव जलाने से मना करने पर हमलोगों के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गए। थानाध्यक्ष विश्व मोहन चौधरी ने पुष्टि की कि पुलिस ने प्लास्टिक बोरी से शव बरामद किया है। मौके से टायर, यूरिया और पेट्रोल भी जब्त किया गया है। मायके पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।