Munger News: स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, चलती ट्रेन से सामान उतारने के दौरान महिला की मौत; आम खरीदकर लौट रही थी
मुंगेर जिले के धरहरा रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से उतरने के दौरान 40 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला साहेबगंज से आम खरीदकर लौट रही थी और सामान उतारने के दौरान हादसे का शिकार हो गई।
विस्तार
मुंगेर के जमालपुर-किऊल रेलखंड के अंतर्गत धरहरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर रविवार को चलती ट्रेन से उतरने के दौरान एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान अफसरी खातून के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अफसरी खातून पिछले लगभग दस वर्षों से तलाकशुदा थीं और मायके में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। उनके परिवार में एक पुत्र नवरेज आलम और एक पुत्री सानिया खातून हैं।
बताया जाता है कि वह रविवार सुबह साहेबगंज आम खरीदने गई थीं। वहां से बिक्री के लिए आम लेकर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामपुरहाट-गया पैसेंजर ट्रेन संख्या 53403 अप से धरहरा स्टेशन पहुंचने के बाद वह अपना सामान उतार रही थीं। कुछ सामान उतार चुकी थीं, जबकि कुछ सामान अभी ट्रेन में ही रखा था।
ये भी पढ़ें- Bihar : खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर पुलिस ने चिपकाया नोटिस, तीन लोगों को किया तलब; कहा- नहीं आने पर कार्रवाई तय
स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई
इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। चलती ट्रेन से उतरने अथवा सामान उतारने के प्रयास में उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जाता है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन शव को अपने साथ लेकर चले गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।