Bihar News: बेगूसराय में नाबालिग बच्ची का पानी में मिला शव, उग्र भीड़ ने पूर्व मंत्री के घर के सामने किया बवाल
Bihar News: एसपी मनीष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई हो सकती है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान आगे बढ़ाया जाएगा।
विस्तार
बेगूसराय जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर पंचायत में शुक्रवार को एक नाबालिग बच्ची का शव पानी से भरे गड्ढे में मिलने से सनसनी फैल गई। शव पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के नवनिर्मित गोदाम के पीछे से बरामद हुआ। बताया गया कि बच्ची गुरुवार देर शाम से ही लापता थी।
शव मिलने की सूचना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह जमकर हंगामा किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सैंपल एकत्रित कर जांच में जुट गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
इसी दौरान गांव में ही पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के आवास के पास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और भीड़ उग्र हो गई। हंगामे के बीच ईंट-पत्थर चलने से एक युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई। भीड़ ने पूर्व मंत्री के घर के बाहर खड़ी गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया।
पढे़ं: एनएच 28 पर दर्दनाक हादसा, पूजा कर लौट रहे परिवार की टोटो में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; एक की मौत
हालात को काबू में करने के लिए डीएसपी नवीन कुमार, एसडीपीओ प्रमोद कुमार, बीडीओ प्रियतम सम्राट, सीओ नंदन कुमार, थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, इंस्पेक्टर निगम कुमार वर्मा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेजा गया।
इसके बाद एसपी मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। मीडिया से बातचीत में एसपी मनीष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई हो सकती है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटनास्थल की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। वर्तमान में तफ्तीश जारी है और सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।