Bihar Election: बेलदौर में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, मंत्री श्रवण कुमार बोले- 2025 में फिर नीतीश होंगे सीएम
Bihar: मंत्री श्रवण कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के अब तक के सबसे स्वच्छ, ईमानदार और दूरदर्शी मुख्यमंत्री हैं। आगे क्या कुछ कहा पढ़ें पूरी खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोसी हाई स्कूल पनसलवा का विशाल मैदान गुरुवार को एनडीए के झंडों और नारों से गूंज उठा। बेलदौर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में न केवल जिले बल्कि पूरे कोशी क्षेत्र से हजारों कार्यकर्ता जुटे। इस जनसभा ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए की ताकत का अहसास कराया। सम्मेलन का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन कर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद सुनील कुमार, लोजपा (रामविलास) की प्रदेश उपाध्यक्ष रानी देवी, रालोमो के राष्ट्रीय महासचिव फजल इमाम मल्लिक और हम (सेक्युलर) के राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य वक्ता श्रवण कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बिहार के अब तक के सबसे स्वच्छ, ईमानदार और दूरदर्शी मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का भरोसा और कार्यकर्ताओं का संकल्प इस बात की गारंटी है कि 2025 में बिहार की बागडोर फिर से नीतीश कुमार के हाथों में होगी।
पढ़ें: वोटर अधिकार यात्रा कल सीवान में, राहुल गांधी-तेजस्वी यादव समेत INDIA गठबंधन के बड़े नेता होंगे शामिल
मंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग गरीबों का बाल कटवाने और चरवाहा विद्यालय को ही विकास समझते हैं, वे असली विकास को क्या समझेंगे। उन्होंने राज्य और केंद्र की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और कृषि के क्षेत्र में हुए कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और भूमिहीन गरीबों को 5 डिसमिल आवासीय जमीन देने की योजना को भी बड़ी उपलब्धि बताया।
महिला सशक्तीकरण और अल्पसंख्यक कल्याण पर चर्चा
सांसद सुनील कुमार ने कहा कि बिहार की नई पीढ़ी एनडीए पर भरोसा जता रही है। लोजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष रानी देवी ने महिला सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की सराहना की। रालोमो नेता फजल इमाम मल्लिक ने कहा कि नीतीश कुमार ने अल्पसंख्यक समाज के लिए शिक्षा, रोजगार और उत्थान के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। वहीं, हम (सेक्युलर) के राष्ट्रीय महासचिव राजेश रंजन ने कहा कि जनता का भरोसा एनडीए पर पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।
सम्मेलन में दिखी एनडीए की ताकत
कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने की, जबकि मंच संचालन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, विधायक और विभिन्न दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। यह सम्मेलन न सिर्फ एक राजनीतिक सभा था, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए की संगठनात्मक शक्ति का जोरदार प्रदर्शन भी साबित हुआ।