बिहार पर टिप्पणी करके फंसे काटजू, देशद्रोह का मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर के मामले में बिहार पर अभद्र टिप्पणी करके सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू फंसते दिख रहे हैं, मामले में उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराया गया है। काटजू के खिलाफ जेडीयू के एमएलसी ने पुलिस में शिकायत की थी जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
अपनी विवादित और अजीबोगरीब टिप्पणियों के कारण हमेशा सुर्खियों में रहने वाले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्केंडेय काटजू ने एक दिन पूर्व फेसबुक पर विवादित पोस्ट करते हुए लिखा था कि पाकिस्तान को कश्मीर के साथ कांबो ऑफर भी लेना पड़ेगा जिसमें कश्मीर के साथ बिहार भी उसे रखना पड़ेगा।
काटजू ने इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहार वाजपेयी का भी जिक्र करते हुए लिखा था कि उन्होंने आगरा में परवेज मुशर्रफ को यह ऑफर दिया था लेकिन उन्होंने माना ही नहीं। इस बार ऐसा नहीं होगा। यह कांबो डील है जिसे ऐसे ही लेना होगा।
काटजू के बयान पर नीतीश कुमार ने दी तीखी प्रतिक्रिया
काटजू का यह पोस्ट सामने आते ही हंगामा खड़ा हो गया। सोशल मीडिया पर ही उनकी जमकर छीछालेदार होने लगी। हालांकि इस सबसे बेखबर काटजू ने फिर लिखा, कि लगता है गालियों का ही कंपटीशन कराना पड़ेगा। वह यह कहने से भी नहीं चूके कि उन्होंने यह सब मजाक में कहा था, जिसे सीरियस ले लिया गया।
वहीं उनकी पोस्ट पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, कि काटजू खुद को बिहारियों का माईबाप न समझें। बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है जिसे कोई झुठला नहीं सकता। हालांकि काटजू ने इसे भी बहुत हल्के में लिया और कहा, कि वह बिहारियों के माई बाप नहीं शकुनी मामा हैं।
दूसरी ओर काटजू का यह बयान सामने आने के बाद बिहार में उन्हें लेकर जबरदस्त रोष पैदा हो गया। जेडीयू के एमएलसी और प्रवक्ता नीरज कुमार ने पटना के शास्त्रीनगर थाने में काटजू के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करा दिया। वहीं वकील अरविंद कुमार ने भी पटना के सीजेएम कोर्ट में काटजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए याचिका दायर की है।