मोदी की 'दुखती रग' के बहाने लालू ने फिर साधा निशाना
बिहार चुनावों के दौरान लगातार प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाने में लगे पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने एक बार फिर उनकी दुखती रग पर हाथ रख दिया है।
गुजरात दंगों और उसके बाद अमेरिका सहित कई देशों द्वारा मोदी को वीजा न देने के मुद्दे को दोबारा हवा देते हुए लालू ने इस संबंध में उनसे जवाब मांगा है।
कहा मोदी जी 2002 में जो इतना बड़ा नरसंहार किया आपने मुख्यमंत्री रहते गुजरात में तो अमेरिका सहित दुनिया के 40 देशों ने आपको वीजा देने से इंकार कर दिया, नो एंट्री। और जब आप बने हो पीएम तब जाकर आपको वीजा मिलना शुरू हुआ है।
कहा, मोदी बताएं उनके किन कृत्यों के कारण इन देशों ने उन्हें वीजा देने से इंकार कर दिया था। गुजरात दंगों के मामले को और हवा देते हुए लालू ने कहा कि मोदी बताएं कि उनके किन कारनामों के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री वाजपेयी जी को उन्हें सरेआम सार्वजनिक रूप से राजधर्म पालन करने की कड़ी नसीहत देनी पड़ी थी?
प्रधानमंत्री मोदी पहले यह बताएँ कि उनके किन कृत्यों के कारण अमेरिका सहित 40 देशों ने उन्हें वीज़ा देने से इंकार कर दिया था?
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) October 10, 2015
लालू का दावा, बीजेपी की हालत कर दी पतली
राजद प्रमुख ने कहा कि देश जानना चाहता है कि इन चीजों को क्यों छुपाना चाहते हो? बताना पड़ेगा तुमको। भाई क्यों नहीं वीजा मिला।
वहीं बिहार चुनावों में भाजपा की हालत पतली करने की बात कहते हुए राजद प्रमुख ने कहा कि 'बीजेपी का इतना पतला हालत कर दिया है कि बिहार में प्रधानमंत्री को पंचायत स्तर तक नुक्कड़ सभाएं करनी पड़ रही है।
बिहार को पीएम नहीं, सीएम चाहिए। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी की सक्रियता को लालू यादव लगातार निशाना बनाए हुए हैं। रह रहकर वह उन पर हमले करने में लगे हुए हैं। हालांकि इसी लड़ाई में लगातार शब्दों की मर्यादा भी गिरती जा रही है। लालू कई बार प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग भी कर चुके हैं।
मोदी बताएँ कि उनके किन महीन कारनामों के कारण वाजपेयी जी को
उन्हें सरेआम सार्वजनिक रूप से राजधर्म पालन करने की कड़ी नसीहत देनी पड़ी
थी?
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) October
10, 2015