{"_id":"68789204930976bfa00acb52","slug":"bihar-news-shopkeeper-shot-dead-in-madhepura-bihar-police-investigation-crime-news-kosi-news-c-1-1-noi1373-3176835-2025-07-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News : बालू-गिट्टी दुकानदार के सिर में गोली मारकर हत्या, घर में सोए अवस्था में हुई घटना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News : बालू-गिट्टी दुकानदार के सिर में गोली मारकर हत्या, घर में सोए अवस्था में हुई घटना
Thu, 17 Jul 2025 08:16 PM IST
कोसी ब्यूरो
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा
Published by: कोसी ब्यूरो
Updated Thu, 17 Jul 2025 08:16 PM IST
सार
Crime in Bihar : अपराधियों ने बीती देर रात 18 साल के युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वह रहटा चौक पर बालू-गिट्टी का व्यवसाय करता था। गुरुवार सुबह जब उसके पिता उसे जगाने गए तो घर नजारा देखकर सन्न रह गए।
विज्ञापन
युवक की हत्या के बाद जुटी लोगों की भीड़। फोटो -अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
बिहार के मधेपुरा में बुधवार की रात घर में सोए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के फनहन गांव की है। मृतक की पहचान उदाकिशुनगंज नगर परिषद के वार्ड-10 निवासी सुनील पासवान के पुत्र आजाद पासवान (18) के रूप में हुई है। आजाद रहटा चौक पर बालू-गिट्टी का कारोबार करता था।
विज्ञापन
सुबह कमरे में मिला खून से लथपथ शव
परिजनों का कहना है कि घटना के समय आजाद अपने घर में अकेले सो रहे थे। गुरुवार सुबह जब उसके पिता सुनील पासवान उसे जगाने पहुंचे, तो कमरे में खून फैला हुआ था और आजाद के सिर में गोली लगी थी। आनन-फानन में परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया गया। रोने-चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
विज्ञापन
पुलिस ने शुरू की जांच, मोबाइल गायब
सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार और थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन गायब पाया गया है। पुलिस इसे हत्या के कारणों से जोड़कर देख रही है।
विज्ञापन
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक के पिता सुनील पासवान ने बताया कि आजाद का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। वह पूरी ईमानदारी से अपना कारोबार करता था। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा रात में घर में सो रहा था। किसी ने घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी। आजाद पांच भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
घटना से लोगों में दहशत
इस घटना के बाद फनहन गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग इस बात से हैरान हैं कि आखिर इतनी साहस के साथ अपराधी ने घर में घुसकर हत्या को कैसे अंजाम दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

युवक की हत्या के बाद जुटी लोगों की भीड़। फोटो -अमर उजाला डिजिटल