Bihar News : बिहार की रोल मॉडल सास की खूब हो रही अब चर्चा, समाज के लिए बन रही प्रेरणा
Bihar News: एक महिला ने बहुत ही धूम-धाम से अपने बेटे की शादी की। बहु ससुराल आते ही अपनी सास से अनोखी चीज की मांग कर दी। अगले ही दिन महिला अपनी नयी बहू के साथ विद्यालय पहुंच गई। सास-बहु का वीडियो अब खूब वायरल है, जिसे लोग बहुत पसंद कर रहे हैं।
विस्तार
सुपौल में सास-बहु का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बीते 48 घंटों में यह वीडियो कई बार लाइक और शेयर हो चुका है। लेकिन इसकी वजह सास-बहु का कोई झगड़ा या कोई रील नहीं, बल्कि मां-बेटी जैसा प्यार और शिक्षा के प्रति सुदूर इलाके में भी जागरूकता है। 'शिक्षा का अधिकार सभी का है, चाहे बेटी हो या बहु' को चरितार्थ करता यह वाकया सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कटहरा खतबे टोला का है। जहां सोमवार को एक सास अपनी नवविवाहिता बहु का दाखिला कराने पहुंच गई। खास बात यह कि वाकया एक महादलित परिवार से जुड़ा है और वह भी गरीब। यह दृश्य समाज में शिक्षा को लेकर बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का परिचायक था, लिहाजा स्कूल में मौजूद एक शिक्षिका ने इसका वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया पर पोस्ट के साथ ही वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोग सास के इस पहल की खूब तारीफ कर रहे हैं। इधर, दूसरी ओर सास की हिम्मत को देख विद्यालय में बहु की पढ़ाई से संबंधित सभी फीस वहां के शिक्षकों ने ही देने का निर्णय लिया है।
यह खबर भी पढ़ें -Bihar News: बिहार की रोल मॉडल सास, जिसने बहू की इच्छा जान स्कूल में करा दिया दाखिला; जानें पूरा मामला
14 मई को हुई शादी, 19 को सास ने की बहु की इच्छा पूरी
छातापुर प्रखंड क्षेत्र के कटहरा वार्ड 13 निवासी महानंद सरदार और कविता देवी के बेटे सन्नी कुमार की शादी बीते 14 मई को सोहटा वार्ड 10 निवासी अरविंद सरदार की पुत्री नीतू कुमारी से हुई। शादी के 5 दिन बाद ही नीतू ने अपनी सास से पढ़ाई जारी रखने की इच्छा जताई। बहू की यह इच्छा सुनते ही कविता देवी ने उसे पढ़ाने का संकल्प लिया और उसे लेकर गांव के स्कूल पहुंच गईं। उन्होंने नीतू का नामांकन नवमी कक्षा में करवाया। इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि बहु को कब तक पढ़ाएंगी, वह बोली- जहां तक पढ़ेगी, वहां तक पढ़ाऊंगी।
यह खबर भी पढ़ें -Bihar News : सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार; पूछताछ जारी
पड़ोस के विद्यालय में रसोइया है सास, बेटियों को भी पढ़ाया
नई-नवेली बहु नीतू बताती है कि शादी से पहले उसने मध्य विद्यालय गिरिधरपट्टी से आठवीं पास किया है। आगे पढ़ाई की इच्छा थी, लेकिन माता-पिता तैयार नहीं थे। सास-ससुर से इच्छा जताई तो तत्काल तैयार हो गए। वह कम से कम 12वीं तक पढ़ना चाहती है। वही सास कविता देवी ने बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय कलानंद साह टोला में रसोइया के रूप में कार्यरत हैं। अब रोजाना बहु को स्कूल पहुंचा कर ही ड्यूटी जाती हैं। बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी भी इंटर पास करने के बाद कराई। बहु भी बेटी समान है, इसलिए कम से कम इंटर तक पढ़ाई जरूर कराउंगी, ताकि भविष्य में कहीं नौकरी भी मिल सके।
विद्यालय प्रधान ने भी सास की पहल को सराहा
इस प्रेरणादायक घटना पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रमेश कुमार ने कहा, जब महिलाएं खुद शिक्षा की ओर पहल कर रही हैं तो यह सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने सास की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति बदलती सोच का संकेत बताया। इधर, पूरे वाकये के दौरान विद्यालय के शिक्षक और छात्र भी इस दृश्य से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके। सभी ने माना कि यह पहल न केवल एक परिवार में बदलाव की शुरुआत है, बल्कि पूरे समाज को नई दिशा देने वाली है।