Bihar News: मधेपुरा में सड़क हादसे में दो दिन पहले घायल हुए मां-बेटे की मौत, महिला ने पीएमसीएच में तोड़ा दम
Madhepura News: मधेपुरा में शुक्रवार को सड़क हादसे में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। युवक की पहले ही मौत हो गई थी। लेकिन शनिवार को मौत हो गई। जानें पूरा मामला...।
विस्तार
बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार को कॉमर्स कॉलेज से आगे धर्मकांटा के पास एनएच-107 पर ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। उस हादसे में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उनमें से युवक की पहले ही मौत हो गई थी। वहीं, जिंदगी मौत से जूझ रही महिला की भी इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। दरअसल, गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज पटना के पीएमसीएच में चल रहा था। शनिवार की रात महिला का शव गांव लाया गया। मृतक महिला की पहचान टेकठी वार्ड एक निवासी सुकुमार मंडल की पत्नी कौशल्या देवी (55) के तौर पर हुई है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को सुबह लगभग 11 टेकठी निवासी रंजन मंडल अपनी मां कौशल्या देवी के साथ अपनी एक वर्षीय बेटी संध्या कुमारी का इलाज कराने मधेपुरा जा रहे थे। रास्ते में कॉमर्स कॉलेज से करीब 100 मीटर पश्चिम धर्मकांटा के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बाइक चालक रंजन मंडल (28) की इलाज के दौरान मधेपुरा सदर अस्पताल में मौत हो गई थी।
वहीं, गंभीर स्थिति को देखते हुए रंजन की मां कौशल्या देवी और बच्ची संध्या कुमारी को जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया था। स्थिति में कोई सुधार होता नहीं देख महिला को पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान शनिवार को उसकी भी मौत हो गई। वहीं, घायल बच्ची का इलाज मधेपुरा के जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला की मौत के बाद पीएमसीएच में ही पोस्टमार्टम कराया गया और शनिवार की रात शव गांव लाया गया। एक ही घर में दो मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। स्थानीय मुखिया विकास कुमार ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। सरकारी नियमानुसार जो भी मुआवजा होगा वह पीड़ित परिवार को दिलाया जाएगा।