दरोगा को गोलियों से भूना, हत्या कर सर्विस रिवॉल्वर लेकर फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के वैशाली में अपराधों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार की रात शहर के डॉक्टर के क्लीनिक पर फायरिंग की गुत्थी पुलिस सुलझा ही रही थी कि शनिवार की सुबह पुलिस ने एक दारोगा और एक ठेकेदार का शव बरामद किया। इन घटनाओं ने विपक्ष को राज्य सरकार पर हमला बोलने का मौका दे दिया है।
बक्सर के रहने वाले एएसआई अशोक यादव की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हाजीपुर के सदर थाना अंतर्गत मनुआ चौर से उनका शव बरामद किया गया है। वैशाली थाने में तैनात अशोक यादव पिछले तीन दिनों से अवकाश पर थे। हत्या करने के बाद अपराधी उनका सर्विस रिवाल्वर भी लेकर भाग गए।
पुलिस के मुताबिक मामला आपसी रंजिश का लगता है, लेकिन हत्या की असली वजह का पता जांच के बाद ही लग पाएगा। यादव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. पीएन झा ने बताया कि अशोक यादव के शरीर से मिली गोलियां वैसी ही हैं, जैसी पुलिस द्वारा उपयोग की जाती हैं।
एक दूसरी घटना में, रेत के ठेकेदार हिमांशु कुमार की भी अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। हिमांशु का शव बिदुपुर बाजार के करीब मिला। पुलिस ने कहा कि दोनों मामलों में जांच जारी है।
चिकित्सक के क्लीनिक पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग
इससे पूर्व शुक्रवार को हाजीपुर के नगर थाने के हेलाबाजार में देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब दो हथियारबंद अपराधियों ने शहर के नामी चिकित्सक विवेकानंद झा के क्लीनिक पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वहां लगे सीसीटीवी में अपराधियों की करतूत कैद हो गई है।
सीसीटीवी में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह अपराधी फायरिंग करने के उपरांत हथियार लहराते हुए आराम से चले जाते हैं। अपराधियों ने इस दौरान एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
जंगलराज की वापसी : पासवान
दरोगा और ठेकेदार की हत्या के बहाने केंद्रीय मंत्री और हाजीपुर से सांसद राम विलास पासवान ने नीतीश सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि बिहार में जंगलराज की वापसी हो गई है और नीतीश असहाय हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जब वैशाली में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी की सुरक्षा का क्या हश्र होगा।