{"_id":"6a14527fee4348c10207d17e","slug":"two-brothers-stabbed-to-death-in-nawada-after-opposing-harassment-of-sister-gaya-news-c-1-1-noi1516-4321127-2026-05-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: छेड़खानी का विरोध पड़ा भारी! जेल से बाहर आते ही आरोपियों ने दो भाइयों को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: छेड़खानी का विरोध पड़ा भारी! जेल से बाहर आते ही आरोपियों ने दो भाइयों को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट
Mon, 25 May 2026 07:45 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नवादा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नवादा
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 25 May 2026 07:45 PM IST
सार
Bihar: नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और छेड़खानी के विरोध को लेकर अपराधियों ने दो सगे भाइयों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
विज्ञापन
अस्पताल के बाहर रोते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नवादा में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है, जहां छेड़खानी का विरोध करने पर दो भाइयों की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। दूसरी तरफ घटनास्थल पर पुलिस और एफएसएल की टीम जांच में जुटी हुई है। यह पूरा मामला नरहट थाना क्षेत्र के छोटी पाली गांव का है। मृतकों की पहचान मोहम्मद काशिफ (25 वर्ष) और मोहम्मद अहमद (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
विज्ञापन
छह महीने पहले हुई थी छेड़खानी की घटना
घटना को लेकर मृतक मोहम्मद काशिफ के चचेरे भाई मोहम्मद दानिश ने बताया कि उनकी चचेरी बहन के साथ छह महीने पहले छेड़खानी की घटना हुई थी, जिसका उन्होंने विरोध किया था और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। उसी मामले में आरोपी जेल गया था।
विज्ञापन
जेल से बाहर आते ही लिया बदला
दानिश ने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि पहले से ही मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। सोमवार को घटना से करीब एक घंटे पहले भी धमकी दी गई थी कि उन्हें मार दिया जाएगा।
विज्ञापन
चाकू से हमला, दो की मौत
उन्होंने बताया कि 5 से 6 लोग एक साथ आए और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जब तीसरा व्यक्ति मोहम्मद आतिफ बचाने पहुंचा तो वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में लोग नवादा सदर अस्पताल पहुंचे हुए हैं।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले की छानबीन और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
एसपी ने क्या कहा?
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा पहले भी एक-दूसरे पर केस दर्ज कराया गया था। एसपी ने कहा कि एक पक्ष के लोगों ने कोर्ट में सरेंडर किया था, जिन्हें हिरासत में लिया गया। इसके बाद गुस्से में आकर उनके परिजनों ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
ये भी पढ़ें: खुले आसमान के नीचे पढ़ने को मजबूर मासूम, पश्चिम चंपारण के इस सरकारी स्कूल की हालत देख करेंगे सवाल
घटना के बाद गांव में दहशत
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया है। परिजन डरे और सहमे हुए हैं। इस घटना ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर लोग बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और बेखौफ अपराधी किसी भी वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे।