{"_id":"6a3269c128ccb9d4990c88c1","slug":"kurtha-jdu-mla-pappu-verma-audio-viral-je-assault-fir-arwal-today-bihar-news-gaya-news-c-1-1-noi1233-4403793-2026-06-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: ‘जूता निकाल के मारेंगे...’ वायरल ऑडियो से मचा बवाल! जदयू विधायक पर इंजीनियर ने दर्ज कराई एफआईआर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: ‘जूता निकाल के मारेंगे...’ वायरल ऑडियो से मचा बवाल! जदयू विधायक पर इंजीनियर ने दर्ज कराई एफआईआर
Wed, 17 Jun 2026 03:54 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया जी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया जी
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 17 Jun 2026 03:54 PM IST
सार
Bihar: बिजली विभाग के कनीय अभियंता और कुर्था के जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा के बीच विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद अभियंता ने विधायक पर एफआईआर दर्ज कराई है।
विज्ञापन
जदयू विधायक पर इंजीनियर ने दर्ज कराई एफआईआर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अरवल में बिजली विभाग के एक कनीय अभियंता और कुर्था के जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल होने के बाद अभियंता ने विधायक पर गाली-गलौज, मारपीट, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं विधायक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
विज्ञापन
वायरल ऑडियो के बाद मचा राजनीतिक बवाल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में एक व्यक्ति, जिसे जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा बताया जा रहा है, कनीय विद्युत अभियंता से ट्रांसफार्मर नहीं बदलने को लेकर नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर अपशब्द बोलता और ‘जूता निकाल के मारेंगे’ जैसी धमकी देता सुनाई दे रहा है। हालांकि इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन
कनीय अभियंता ने लगाए मारपीट और धमकी के आरोप
अरवल विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में कार्यरत कनीय विद्युत अभियंता नीतीश कुमार ने आरोप लगाया कि 13 जून की शाम रामलगन बीघा गांव में खराब ट्रांसफार्मर को लेकर विधायक ने पहले मोबाइल और फिर व्हाट्सएप कॉल पर गाली-गलौज की। इसके बाद मंगलवार को उन्हें सर्किट हाउस बुलाया गया, जहां मोबाइल बंद रखने के लिए कहा गया और उनके साथ धक्का-मुक्की, मारपीट तथा अभद्र व्यवहार किया गया। अभियंता का आरोप है कि उन्हें नौकरी नहीं करने देने और गंभीर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी गई।
विज्ञापन
सदर थाना में दर्ज हुई नामजद एफआईआर
कनीय अभियंता ने अरवल सदर थाना में विधायक पप्पू कुमार वर्मा के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
विधायक बोले- मेरी छवि खराब करने की साजिश
वहीं जदयू विधायक पप्पू कुमार वर्मा ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि रामलगन बीघा गांव में कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब था और स्थानीय लोगों की शिकायत पर उन्होंने अभियंता को बुलाकर समस्या के समाधान को लेकर बातचीत की थी। विधायक का दावा है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन हैं और उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें: किन बातों को लेकर लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार पर लगाया बड़ा आरोप? कहा- सब पागल हो गए हैं
वायरल ऑडियो और साक्ष्यों की जांच में जुटी पुलिस
अरवल सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि बिजली विभाग के कनीय अभियंता की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वायरल ऑडियो, दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।