Bihar News: पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, एक दिन पहले यह बात कहकर घर से निकला था
Gaya News: बिहार पुलिस ने बबुल के पेड़ से लटकता हुआ युवक का शव बरामद किया है। हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए वारदात स्थल पर बारिकी से छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि घटना की सूचना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम है।
विस्तार
बिहार के गया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। यह घटना गुरुआ थाना क्षेत्र के मटुआटांड़ गांव के पास की है, जहां सोमवार की सुबह एक बबुल के पेड़ से लटकता शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गया जिले के परैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तापी गांव निवासी अशोक चौहान के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक सोमवार की सुबह अपने घर से खेत में गेहूं की कटनी करने की बात कहकर निकला था। लेकिन काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, जिससे परिवार के लोग चिंतित हो उठे।
शोर सुनकर आस-पास के लोग जुटे
परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। देर शाम ग्रामीणों को मटुआटांड़ के पास एक बबुल के पेड़ से लटकता शव दिखाई दिया, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। गुरुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनास्थल पर छानबीन करती स्थानीय पुलिस
हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं पर पुलिस कर रही है जांच
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतक के शरीर की जांच की और आसपास से साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक शव की स्थिति और जिस तरह से वह पेड़ से लटका हुआ था, उसे देखते हुए यह प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। वहीं परिजनों ने बताया कि अभिषेक काफी सीधा-सादा युवक था और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। वे इस बात पर हैरान हैं कि वह ऐसा कदम कैसे उठा सकता है।
ग्रामीणों ने कहा- हत्या कर पेड़ से लटका दिया
वहीं, कुछ ग्रामीणों का मानना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि किसी साजिश का हिस्सा हो सकता है। उनका कहना है कि किसी ने हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिसके बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के हाउस गार्ड ने किया सुसाइड, एमएलसी आवास पर खुद को मारी गोली