Bihar News: अवैध खनन पर जिला प्रशासन का एक्शन, 14 वाहनों पर हुई कार्रवाई; 80 लाख का जुर्माना भी लगाया
Bihar: जिले के विभिन्न बालू घाटों से खनन माफिया लंबे समय से अवैध खनन में लिप्त थे। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। हालांकि छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचने से पहले कई माफिया अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए।
विस्तार
गया जिले में अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भदेजा गांव में चलाए गए छापेमारी अभियान में प्रशासन ने अवैध बालू खनन में लगे कुल 14 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। सभी वाहनों के मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार के निर्देश पर अहले सुबह 5 बजे से 7 बजे तक यह विशेष अभियान चलाया गया। मानपुर के भदेजा और भदेजी इलाके में एक के बाद एक कई जगहों पर छापेमारी की गई, जिसमें खनन माफियाओं की अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश हुआ।
पढ़ें: तेज रफ्तार कार और ऑटो में टक्कर, चार लोग गंभीर रूप से घायल; सड़क पर पलटा ऑटो
अभियान के दौरान जिन 14 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया, वे सभी अवैध बालू खनन में लिप्त पाए गए। इन सभी पर खनन और परिवहन विभाग की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की गई है। खनन विभाग द्वारा लगाए गए जुर्माने के अलावा परिवहन विभाग ने भी लगभग 10 लाख रुपये का फाइन वसूलने की प्रक्रिया शुरू की है।
जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और दोषियों पर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की औचक छापेमारी लगातार जारी रहेगी। यह संयुक्त अभियान सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक-1, एसडीपीओ वजीरगंज, जिला खनन पदाधिकारी, मुफस्सिल और फतेहपुर के थानाध्यक्षों की अगुवाई में चलाया गया।