Bihar Bridge News: इस पुल पर गाड़ी ले जाने से पहले डर जरूरी है! पांच पिलर झूल रहे; कहां है यह पुल?
Bihar Bridge News: बोधगया से ढुंगेश्वरी जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर बने बसतपुर और सिलौंजा पुल की हालत बेहद खतरनाक हो चुकी है। पटना से आई IIT जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया है कि 16 पिलरों पर बने इस पुल के 12 पिलर जर्जर अवस्था में हैं, जबकि पांच पिलर सतह छोड़कर झूल रहे हैं।
विस्तार
बिहार के गया जिले में करोड़ों रुपये की लागत से बने पुलों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुद्धा सर्किट को जोड़ने वाले बोधगया-ढुंगेश्वरी मार्ग पर स्थित बसतपुर और सिलौंजा पुल की हालत बेहद खराब पाई गई है। पटना से पहुंची IIT जांच टीम ने निरीक्षण के बाद बिहार सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें पुल की जर्जर स्थिति का गंभीर खुलासा किया गया है।
16 में 12 पिलर जर्जर
बसतपुर और सिलौंजा पुल 16 पिलरों पर बने इस पुल के 12 पिलर क्षतिग्रस्त हैं। इनमें से पांच पिलर अपनी सतह छोड़कर झूल रहे हैं, जिससे पुल की मजबूती पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
गया जिले के तीन पुल खतरे में
जांच टीम ने गया जिले के कुल तीन पुलों को जर्जर बताया है। इनमें बोधगया विधानसभा क्षेत्र का बसतपुर-सिलौंजा पुल, अतरी विधानसभा क्षेत्र का चटकी-दरियापुर गोरा रोड पुल और बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में राज बिगहा से बेलदार बिगहा जाने वाला पुल शामिल है।
2023 में हुआ था उद्घाटन
बताया जाता है कि वर्ष 2023 में बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन पुलों का उद्घाटन किया था। पुल बनने के बाद आसपास के गांवों में खुशी का माहौल था, क्योंकि लोगों को बोधगया पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती थी। इससे छाच गांव, मोराटांड, बसतपुर, घुंघठियां, घोड़तोड़वा, घाटों समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिला था।
ग्रामीणों में डर और नाराजगी
अब पुल की हालत सामने आने के बाद ग्रामीणों में डर और नाराजगी दोनों है। लोगों का कहना है कि करोड़ों खर्च होने के बावजूद पुल इतनी जल्दी जर्जर कैसे हो गया। ग्रामीणों ने सरकार से तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और पुल की मरम्मत की मांग की है।
(इनपुट- रंजन सिन्हा, गयाजी)
ये भी पढ़ें: जदयू विधायक पप्पू पांडेय को कोर्ट से राहत, भाई और CA राहुल पर गिरफ्तारी का खतरा! 27 मई पर टिकी नजरें