{"_id":"67541ac2472aae55950c7ac7","slug":"darbhanga-news-stone-pelting-on-vivah-panchami-tableau-taken-out-without-permission-miscreants-identification-2024-12-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"विवाह पंचमी झांकी पर पथराव: बिना इजाजत निकाली गई थी झांकी, CCTV से उपद्रवियों की हो रही पहचान; पुलिस बल तैनात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विवाह पंचमी झांकी पर पथराव: बिना इजाजत निकाली गई थी झांकी, CCTV से उपद्रवियों की हो रही पहचान; पुलिस बल तैनात
Sat, 07 Dec 2024 03:22 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sat, 07 Dec 2024 03:22 PM IST
सार
Darbhanga News: एसएसपी ने कहा कि घटना की जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
विज्ञापन
एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
विवाह पंचमी के मौके पर दरभंगा के बाजितपुर मुहल्ले में झांकी के दौरान हुए पथराव ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। इस घटना पर दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने कहा कि झांकी बिना पुलिस अनुमति के निकाली जा रही थी। पथराव की घटना बाजितपुर मस्जिद के पास हुई। मामले की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और सिटी एसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल, इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।
विज्ञापन
घटना की पृष्ठभूमि और CCTV जांच
जानकारी के मुताबिक, करीब तीन दशकों से विवाह पंचमी पर इसी मार्ग से झांकी निकलती रही है। आयोजकों ने बताया कि झांकी गाने-बजाने के साथ आगे बढ़ रही थी, जब कुछ शरारती तत्वों ने विवाद खड़ा किया। धीरे-धीरे बात इतनी बढ़ी कि लाठी-डंडों और पत्थरों का सहारा लिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन
झांकी आयोजकों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान
झांकी के आयोजक नागों दास ने कहा कि विवाद के दौरान लक्ष्मण बने एक बच्चे को हम गोद में लेकर जान बचाने के लिए भागे। उन्होंने इसे पूरी तरह से सुनियोजित हमला बताया। महिला प्रत्यक्षदर्शी राजरानी ने कहा कि झांकी गाने-बजाने के साथ गुजर रही थी, जब कुछ युवकों ने हंगामा शुरू किया। उन्होंने एक युवक को मारपीट कर दूसरी जगह ले जाने का प्रयास किया। इसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
विज्ञापन
नगर विधायक ने की घटना की कड़ी निंदा
इस घटना पर दरभंगा के नगर विधायक संजय सरावगी ने पथराव को सुनियोजित बताते हुए कहा कि हिंदू समाज की शोभायात्राओं और त्योहारों पर ही बार-बार हमले क्यों होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष समुदाय के धार्मिक स्थलों पर ईंट-पत्थरों का संग्रह पहले से तैयार किया गया था। विधायक ने प्रशासन से मांग की कि इस घटना की गहन जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि राम-सीता विवाह पंचमी के इस धार्मिक आयोजन पर हमला मिथिला और हिंदू संस्कृति का अपमान है।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। एसएसपी ने कहा कि जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
स्थानीय लोग चिंतित, प्रशासन से सुरक्षा की मांग
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसे धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए। वहीं, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पथराव और हिंसा में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।