Bihar News: LNMU में दीक्षांत समारोह से पहले हंगामा, छात्रों ने अंगवस्त्र की गुणवत्ता का किया विरोध; नारेबाजी
Bihar News: मेडल पाने वाली छात्रा रोजी कुमारी ने आरोप लगाया कि समारोह में वितरित किए जा रहे अंगवस्त्र पाग और चादर की क्वालिटी बेहद खराब है। छात्रों से 1200 से 1700 रुपये तक लिए जा रहे हैं, लेकिन न ठीक कपड़ा दिया जा रहा है और न ही भोजन की व्यवस्था संतोषजनक है।
विस्तार
दरभंगा के ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में 21 नवंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियाँ जोर–शोर से जारी हैं। समारोह में मेडल वितरण के लिए बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान के आगमन की तैयारी अंतिम चरण में है। इसी बीच बुधवार की शाम मेडल प्राप्त करने वाले छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव कर हंगामा किया।
छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय ने उनसे 1200 रुपये शुल्क लिया है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अत्यंत घटिया क्वालिटी का पाग और चादर दिया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि जिस सम्मानित पाग के साथ उन्हें राज्यपाल के हाथों सम्मानित होना है, उसकी गुणवत्ता बेहद खराब है और इसे अविलंब बदला जाना चाहिए। घेराव की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस और कर्मचारी मौके पर पहुँचे और देर शाम तक छात्रों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
मेडल पाने वाली छात्रा रोज़ी कुमारी ने आरोप लगाया कि समारोह में वितरित किए जा रहे अंगवस्त्र पाग और चादर की क्वालिटी बेहद खराब है। छात्रों से 1200 से 1700 रुपये तक लिए जा रहे हैं, लेकिन न ठीक कपड़ा दिया जा रहा है और न ही भोजन की व्यवस्था संतोषजनक है। पूरे कार्यक्रम में प्रशासनिक व्यवस्थाएँ भी चरमराई हुई हैं, जिससे छात्रों में आक्रोश फैल गया है।
पढे़ं: पर्यटकों के लिए राज्य पर्यटन विकास निगम ने खास तैयारी की, महज 900 रुपये से उपलब्ध है टूर पैकेज
प्रदर्शन कर रहे छात्र कार्यक्रम स्थल से निकलकर कुलपति आवास पहुँच गए और जोरदार विरोध जताया। उनका कहना है कि इतनी प्रतिष्ठित उपलब्धि के सम्मान में आयोजित समारोह में निम्नस्तरीय सामग्री और अव्यवस्था किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और अधिकारी मौके पर पहुँचे और छात्रों को शांत कराने की कोशिश करते रहे। देर शाम तक वार्ता जारी थी।