Bihar Election: कपिलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में पीके ने मुस्लिम प्रत्याशी संग की पूजा, गंगाजल से धोया गया; बवाल
Bihar Election: पुजारियों ने कहा कि मंदिर में पूजा के कुछ नियम और परंपराएं हैं, जिनका पालन किया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि अगर किसी नेता का मकसद हिंदू–मुस्लिम सौहार्द्र दिखाना है, तो उसे सम्मानपूर्वक और धार्मिक मर्यादाओं के अनुसार करना चाहिए।
विस्तार
मधुबनी जिले के प्रसिद्ध कपिलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के पूजा-अर्चना करने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, रविवार को प्रशांत किशोर बेनीपट्टी विधानसभा सीट से जनसुराज के उम्मीदवार परवेज आलम के साथ मंदिर पहुंचे थे। दोनों ने गर्भगृह तक जाकर पूजा-अर्चना की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होते ही मंदिर प्रशासन और पुजारियों में आक्रोश फैल गया। मंदिर के पुजारी श्रवण कुमार ने बताया कि हमें कहा गया था कि प्रशांत किशोर जी पूजा करने के लिए आएंगे, उन्हें पूजा करा दीजिए। हमने पूजा की सारी सामग्री तैयार रखी थी, लेकिन वे समय पर नहीं पहुंचे। करीब 7:30 बजे तक कई पुजारी घर चले गए। बाद में जब वे आए, तो उनके साथ कई लोग थे, जिनमें से एक को हम पहचान नहीं पाए, क्योंकि वे पारंपरिक मिथिला वेशभूषा में थे।
पुजारियों ने कहा कि मंदिर में पूजा के कुछ नियम और परंपराएं हैं, जिनका पालन किया जाना चाहिए था। उनका कहना है कि अगर किसी नेता का मकसद हिंदू–मुस्लिम सौहार्द्र दिखाना है, तो उसे सम्मानपूर्वक और धार्मिक मर्यादाओं के अनुसार करना चाहिए।
पढे़ं: अररिया में युवाओं से चर्चा, रोजगार-पलायन के मुद्दे पर हुई बात; क्या कहा?
पुजारी ने आगे कहा कि अगर प्रशांत किशोर वाकई हिंदू–मुस्लिम एकता चाहते हैं, तो उन्हें हमें भी मस्जिद जाकर शांति की पहल करने का समान अवसर देना चाहिए। तब ही यह माना जाएगा कि वे वास्तव में एकता कायम करना चाहते हैं, न कि सिर्फ दिखावा कर रहे हैं। पूजा के बाद मंदिर को पंचगव्य और गंगाजल से शुद्ध किया गया। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।