Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar: Saran hosts the first-ever Women's National Road Cycling League

बिहार: पहली बार होगी महिला राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग लीग, सारण को मिली मेजबानी; देशभर की महिला साइक्लिस्ट

Thu, 26 Nov 2026 07:45 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सारण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सारण Published by: शबाहत हुसैन Updated Thu, 26 Nov 2026 07:45 PM IST
सार

बिहार में पहली बार अस्मिता महिला राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग लीग-2026 का आयोजन सारण के गरखा में 5 और 6 दिसंबर को होगा। प्रतियोगिता में देशभर की करीब 96 महिला साइक्लिस्ट हिस्सा लेंगी। डीएम उद्घाटन करेंगे और दो मंत्री विजेताओं को सम्मानित करेंगे।

विज्ञापन
Bihar: Saran hosts the first-ever Women's National Road Cycling League
बैठक - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

बिहार में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की महिला रोड साइक्लिंग प्रतियोगिता आयोजित होने जा रही है। खेलो इंडिया अभियान के तहत अस्मिता महिला राष्ट्रीय रोड साइक्लिंग लीग-2026 की मेजबानी बिहार को मिली है। इसके लिए सारण जिले का चयन किया गया है। आगामी 5 और 6 दिसंबर को गरखा में होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के चारों जोन की महिला साइक्लिस्ट हिस्सा लेंगी।

विज्ञापन

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में करीब 96 महिला खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन से बिहार की महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही सारण को देश के खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन

गरखा से कटसा तक होगा मुकाबला
साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ सारण के अध्यक्ष सह आयोजन समिति के सचिव डॉ. देव कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिला प्रशासन की अनुमति से दोनों दिन सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए गरखा चौक से कटसा चौक तक करीब पांच किलोमीटर का रेस रूट निर्धारित किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन


पढ़ें:  कृषि विभाग में 147 पदों पर भर्ती, 15 दिसंबर से करें आवेदन; जानें योग्यता और परीक्षा पैटर्न

साइक्लिंग संघ के प्रदेश सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने बताया कि बिहार में पहली बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे राज्य में साइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा और महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।

खिलाड़ियों की सुविधा के लिए बनाई जा रहीं समितियां
आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं एनयूजेआई के प्रदेश संयोजक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाली खिलाड़ियों और अतिथियों के स्वागत, आवासन, परिवहन, सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग समितियां बनाई जा रही हैं। इसमें जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खेल संगठनों और स्थानीय लोगों का सहयोग लिया जा रहा है।

डीएम करेंगे उद्घाटन, दो मंत्री होंगे शामिल
प्रतियोगिता का उद्घाटन सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव करेंगे। वहीं, बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दोनों मंत्री प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आयोजकों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन बिहार में साइक्लिंग को नई गति देने और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आयोजन समिति ने जिले के जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों, प्रायोजकों और आम लोगों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

इस अवसर पर डॉ. सुरेश प्रसाद सिंह, संजीव कुमार चौधरी, अभिषेक सिंह, शैलेन्द्र पुरी, मनोरंजन पाठक, बिपिन कुमार मिश्रा, आनंद वर्मा, अर्पित सिंह सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य और पदाधिकारी मौजूद थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed