बिहार: भागलपुर, मोतिहारी और दरभंगा में सड़क हादसे, तीन परिवारों में पसरा मातम
बिहार के तीन जिलों में अलग-अलग सड़क हादसों में मेडिकल छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। भागलपुर में कथित तौर पर शराब के नशे में कार चला रहे सीनियर की टक्कर से मेडिकल छात्र की जान चली गई।
विस्तार
बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक मेडिकल छात्र की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, उसके सीनियर की कार ने कथित तौर पर उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी थी। मृतक की पहचान रूपेश सोनी के रूप में हुई है। उसे पहले मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि रूपेश जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में 2023 बैच का एमबीबीएस छात्र था, जबकि आरोपी पीजी का छात्र है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान तेलंगाना के थुमकुंटा निवासी गौरव के रूप में हुई है। वह कथित तौर पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहा था। तिलकामांझी चौक पर हुए हादसे के बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की गश्ती गाड़ी ने उसे पकड़ लिया।
हालांकि, कार में आरोपी के साथ मौजूद एक महिला पीजी छात्रा मौके से निकलने में सफल रही।
रूपेश की मौत के बाद उसके सहपाठियों ने जेएलएनएमसीएच के प्राचार्य संदीप लाल से मुलाकात की और आरोपी को तत्काल निष्कासित करने की मांग की। प्राचार्य लाल ने छात्रों को आश्वासन दिया कि पुलिस जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मोतिहारी में ट्रक की चपेट में आने से छात्रा की मौत
पूर्वी चंपारण जिले में एक 15 वर्षीय छात्रा की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। वह साइकिल से कोचिंग सेंटर जा रही थी। पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7:30 बजे कल्याणपुर थाना क्षेत्र में चकिया-केसरिया सड़क पर हुआ। कैथवलिया गांव की रहने वाली काजल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने करीब 45 मिनट तक सड़क जाम रखा।
दरभंगा में बस की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा गंभीर
दरभंगा में तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बिरौल थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे-56 पर सिसौनी मोड़ के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक दीपावली का सामान खरीदकर सुपौल बाजार से अपने गांव महमूदा लौट रहे थे। इसी दौरान दरभंगा-केसरिया बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक को कथित तौर पर टक्कर मार दी।
ये भी पढ़ें- बिहार: प्रदेश के इस गांव में जले 11 लाख से अधिक दीप, सीएम सम्राट चौधरी ने रोजगार और विकास पर किए बड़े एलान
मृतक की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल दुर्गेश पंडित का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और दरभंगा-कुशेश्वरस्थान सड़क को करीब तीन घंटे तक जाम रखा। बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा।