Mahagathbandhan Rally : लालू परिवार रातभर देखता रहा तैयारी; तेजस्वी ने सीएम नीतीश को दीं शुभकामनाएं
Bihar : सरकार से हटने के बाद रविवार को राष्ट्रीय जनता दल की महारैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसको लेकर जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। इससे पहले तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी और फिर तंज भी कसा।
विस्तार
रविवार को महागठबंधन की महारैली है लेकिन इससे पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उन्हें शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा कि उनको (नीतीश कुमार) मुबारक । कम से कम इस बार जो कहा है वह करें।
जानिये तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के किस बात पर कसा तंज
दरअसल औरंगाबाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के सामने कहा कि यहां आ गए हैं अब कहीं नहीं जाएंगे। इसी बात को लेकर तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि उनको मुबारक, कम से कम इस बार जो कहा है वह करें।
रविवार को है महागठबंधन की महा रैली
पटना के गांधी मैदान में कल यानी रविवार को महागठबंधन की महा रैली का आयोजन किया गया है। राजद कार्यकर्त्ता इसकी जोर-शोर से तैयारी कर रहे हैं। तैयारियों का जायजा लेने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव पटना के गांधी मैदान पहुंचे। गांधी मैदान में उन्होंने तैयारी को लेकर कई दिशा निर्देश भी दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लोगों का जबरदस्त आशीर्वाद और जन समर्थन हमें रोड शो के दौरान देखने को मिला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक रैला होगा। इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू यादव और उनके साथ में पूर्व सीएम राबड़ी देवी राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय पहुंचे।
महागठबंधन की महारैली से पहले इस तरह मना जश्न
रविवार को महागठबंधन की रैली के पहले शनिवार को रात भर राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर मजा लिया । इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटना जंक्शन के पास स्थित दूध मार्केट में रात भर नाच का आनंद लिया। इस मौके पर कार्यकर्त्ता लगातार लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के नारे लगाते रहे । कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमारे नेता तेजस्वी और लालू प्रसाद यादव हैं ।