बिहार: इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी, मशीन से गिनने पड़ रहे कैश; भागलपुर-मुंगेर समेत चार जिलों में कार्रवाई
बिहार में एक और भ्रष्ट अफसर के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। आर्थिक अपराध इकाई ने इंजीनियर के पांच ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि इंजीनियर ने काली कमाई से काफी संपत्ति बनाई है। आइये जानते हैं पूरा मामला...
विस्तार
आर्थिक अपराध इकाई ने एक और भ्रष्ट अफसर पर शिकंजा कसा है। गुरुवार को आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26 के तहत दर्ज मामले में विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट हासिल करने के बाद गुरुवार सुबह को उनके पांच अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी ले रही है। कार्रवाई भागलपुर, मुंगेर, पटना और मुजफ्फरपुर में एक साथ की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की प्रथमदृष्टया जानकारी मिली है। जांच एजेंसी का दावा है कि उन्होंने ज्ञात आय से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है। यह उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 फीसदी अधिक बताई गई है। सूत्र बता रहे हैं कि इंजीनियर के ठिकाने से इतने कैश मिले कि आर्थिक अपराध इकाई को नोट गिनने के लिए मशीन की मदद लेनी पड़ रही है। अब तक लाखों रुपये के कैश मिले हैं।
चार जिलों में पांच ठिकानों पर तलाशी
तलाशी की कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों द्वारा की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने नारद कुमार दास से जुड़े पांच ठिकानों को कार्रवाई के लिए चिह्नित किया है। इनमें भागलपुर के तिलकामांझी स्थित हनुमान पथ का आवास, मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेलन बाजार बंगाली टोला स्थित ठिकाना शामिल है। इसके अलावा मुंगेर के स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल का सरकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित राधिका अपार्टमेंट का फ्लैट और पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के कुसुमपुरम मोहल्ले में स्थित आवास पर भी तलाशी चल रही है।
बिहार में चुनाव है: सीएम आवास पर सम्राट ने NDA नेताओं को बुलाया; बागियों के खिलाफ एक्शन प्लान तैयार?
विशेष न्यायालय से वारंट मिलने के बाद कार्रवाई
आर्थिक अपराध इकाई ने बताया कि नारद कुमार दास के खिलाफ सात अक्तूबर 2026 को आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26 दर्ज किया गया था। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। इसके बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया। वारंट के आधार पर आठ अक्तूबर को अलग-अलग टीमों ने एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी पूरी होने के बाद सामने आएगी पूरी कहानी
आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार तलाशी के दौरान संपत्ति और अन्य दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। टीमों की कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से संबंधित पूरी कहानी सामने आएगी। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, नारद कुमार दास के पास उनकी ज्ञात आय के मुकाबले करीब 64.93 फीसदी अधिक संपत्ति होने के प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिले हैं। तलाशी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।