{"_id":"647f1444ce0fb5e7ec0e0927","slug":"bihar-criminals-looted-jewelry-worth-40-lakhs-from-a-jewelry-shop-at-gun-point-in-aurangabad-2023-06-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar : औरंगाबाद में गन प्वाइंट पर अपराधियों ने जेवर दुकान से लूटे 40 लाख की ज्वेलरी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar : औरंगाबाद में गन प्वाइंट पर अपराधियों ने जेवर दुकान से लूटे 40 लाख की ज्वेलरी
Tue, 06 Jun 2023 04:41 PM IST
कृष्ण बल्लभ नारायण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
Published by: कृष्ण बल्लभ नारायण
Updated Tue, 06 Jun 2023 04:41 PM IST
सार
औरंगाबाद में अपराधियों ने दिनदहाड़े बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने जेवर दुकान से 40 लाख की ज्वेलरी लूट लिए। विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार को पिस्तौल के बट का प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
विज्ञापन
इस दूकान में हुई लूट
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
औरंगाबाद में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने जेवर दुकान से 40 लाख की ज्वेलरी लूट लिए। इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार को पिस्तौल के बट का प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल दुकानदार को औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हवा में पिस्तौल लहराते मौके से आसानी से फरार हो गये।
विज्ञापन
तीन नकाबपोशों ने दिया घटना को अंजाम
पीड़ित दुकानदार विकास सोनी ने बताया कि शहर के सत्येंद्र नगर वार्ड नं-3 में मुख्य मार्ग पर स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान में बैठे थे। इसी दौरान दुकान के बाहर एक बाइक रूकी। बाइक पर तीन नकाबपोश लोग सवार थे। दुकानदार ने समझा कि तीनों ग्राहक हैं और तपती गर्मी में लू से बचने के लिए अपने चेहरे को ढ़क रखा हैं। बाइक से उतरकर तीनों उनके जेवर दुकान में आए और आते ही बदमाशों ने दुकानदार को गन प्वाइंट पर ले लिया। साथ ही पिस्टल के बल पर दुकान में रहे अन्य लोगों को भी पिस्टल का भय दिखाकर चुप करा दिया। स्वर्ण व्यवसायी ने जब विरोध किया तो एक अपराधी ने पिस्टल के बट से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने दुकान के कैश काउंटर में रखे नगदी समेत सोने चांदी के सारे जेवर लूट लिए। लूट की घटना को अंजाम देकर अपराधी फायरिंग करते और हवा में पिस्तौल लहराते बाईपास की ओर भाग निकले। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि दुकान से नगदी और जेवर समेत करीब 40 लाख की लूट हुई है।
विज्ञापन
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
लूट की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक एएसपी सह सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्वीटी सहरावत और औरंगाबाद नगर थानाध्यक्ष सतीश बिहारी शरण पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस अपराधियों की शिनाख्त करने के लिए दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि पुलिस विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वर्ण व्यवसायी को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल अपराधियों की कोई पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अपराधियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
विज्ञापन