Bihar News: बांका में चांदन नदी में डूबे तीन बच्चे, दो के शव बरामद, एक अभी भी लापता; परिवार में पसरा मातम
Bihar: घटना के बाद से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासनिक मदद में देरी और SDRF टीम के देर से पहुंचने पर नाराजगी भी जताई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बांका जिला के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहनान गांव के पास रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब चांदन नदी में नहाने के दौरान चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों की तत्परता से एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि अन्य तीन बच्चे लापता हो गए। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
डूबने वाले बच्चों की पहचान सिंहनान निवासी विजय तांती के पुत्र कन्हैया तांती (15), दिलो तांती के पुत्र अमरजीत कुमार (15) और डब्लू तांती के पुत्र राजेश कुमार (14) के रूप में हुई है। जबकि सिंकु तांती का पुत्र आलोक कुमार (14) पानी से सुरक्षित बाहर आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही रजौन पुलिस मौके पर पहुंची और भागलपुर से SDRF टीम को बुलाया गया। देर शाम तक टीम को कोई सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने रातभर और सोमवार सुबह तक तलाश जारी रखी। अंततः कड़ी मशक्कत के बाद भागलपुर जिले के पुरैनी गांव स्थित अंगारी पुल के पास से कन्हैया तांती और अमरजीत कुमार के शव बरामद कर लिए गए। तीसरे बच्चे, राजेश कुमार, की तलाश अब भी जारी है।
पढ़ें: 12 अगस्त को बिजली उपभोक्ताओं से संवाद करेंगे सीएम नीतीश, दुर्गावती प्रखंड में लगेगा संवाद शिविर
सरपंच की अपील
सिंहनान पंचायत के सरपंच मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से दो बच्चों के शव बरामद किए जा सके हैं, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, ग्रामीणों ने भी परिवारों को हरसंभव सहायता देने की अपील की है।