Actress Amrita Pandey Death Case: हत्या या खुदकुशी! पोस्टमॉर्टम-FSL रिपोर्ट में मौत के कारण अलग होने से उलझन
Bhagalpur News सीनियर एसपी आनंद कुमार ने पोस्टमॉर्टम और एफएसएल की रिपोर्ट के अलग-अलग पहलू पर कहा कि जहां एक तरफ आत्महत्या की बात आ रही है, तो वहीं दूसरी ओर गला घोट कर हत्या की बात सामने आ रही है। पढ़ें पूरी खबर...।
विस्तार
बिहार के भागलपुर में भोजपुरी अभिनेत्री अमृता पांडेय की मौत मामले में पुलिस की जांच उलझती दिखाई दे रही है। दरअसल, 27 अप्रैल की देर शाम आदमपुर स्थित दिव्यधाम अपार्टमेंट में अभिनेत्री की रहस्यमय तरीके मौत हो गई थी। वह 22 अप्रैल को अपनी बहन वीणा की शादी में शरीक होने आई थी, लेकिन 27 अप्रैल को संदिग्ध अवस्था में उसका शव मिला था। इस मामले में अब एक नया पेंच फंस गया है। दरअसल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल की रिपोर्ट में अमृता की मौत का अलग-अलग कारण सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतका के पति चंद्रमणि जांगीड़ और परिवार के अन्य सदस्यों ने बयान दिया था कि अमृता किसी मानसिक बीमारी से ग्रसित थी। मुंबई के किसी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। डॉक्टर ने उसे हैवी डोज की दवाई लेने की सलाह दी थी। बताया गया था कि अमृता ने इससे पूर्व कई दफा आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
पति की मानें तो अमृता अपने कैरियर को लेकर काफी चिंतित थी, जिस कारण उसने खुदखुशी कर ली। इसी तरह एफएसएल की जांच रिपोर्ट में यह सामने आया है कि अभिनेत्री ने खुदकुशी की थी। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस पूरे हाई प्रोफाइल मामले में हत्या किए जाने का जिक्र किया गया है, जिससे केस पूरी तरह सनसनीखेज बन गया है।
वहीं, सीनियर एसपी आनंद कुमार ने पोस्टमॉर्टम और एफएसएल की रिपोर्ट के अलग-अलग पहलू पर कहा कि जहां एक तरफ आत्महत्या की बात आ रही है, तो वहीं दूसरी ओर गला घोट कर हत्या की बात सामने आ रही है। एसएसपी ने बताया कि दोनों जांच रिपोर्ट में विरोध स्पष्ट तौर पर दिख रहा है, जिसको मद्देनजर रखते हुए उच्चस्तरीय जांच करने की बात कही गई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल के एचओडी से इस मामले पर विशेष रूप से विचार विमर्श भी किया जाएगा। वहीं, सिटी एसपी श्रीराज के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। निश्चित तौर पर पुलिस केस की तह तक जाएगी।