बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व मंगलवार को रुद्रपुर में उल्लास के साथ मनाया गया। प्राचीन मुख्य बस स्टैंड की रामलीला में भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए युद्ध के प्रभावशाली मंचन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। साथ ही कुंभकरण और मेघनाद के 55-55 फीट ऊंचे पुतलों को भी जलाया गया। पुतलों से उठती आग की लपटों के बीच पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। रामलीला के प्रसंगों में भगवान श्रीराम की मर्यादा, साहस और धर्म की विजय का संदेश प्रमुख रहा। रावण के अहंकार और उसके अंत के दृश्य ने दर्शकों को बुराई के विनाश का संदेश दिया। आयोजन में राम, लक्ष्मण, हनुमान और रावण की भूमिकाओं ने कथा को जीवंत बनाया। राम की भूमिका में मनोज अरोरा, हनुमान के रूप में सुशील गाबा, लक्ष्मण की भूमिका में गौरव जग्गा और रावण के रूप में विशाल भुड्डी ने अभिनय किया।