पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (आईआईएसएम), गुलमर्ग की ओर से मुनिकीरेती में दो रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों में देश के विभिन्न राज्यों से आए 27 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें छह महिलाएं और 21 पुरुष शामिल हैं। संस्थान की ओर से आयोजित इन पाठ्यक्रमों के लिए उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुल 30 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें से 27 प्रतिभागियों ने संस्थान में रिपोर्टिंग की है। प्रशिक्षण का पहला पाठ्यक्रम बेसिक रिवर राफ्टिंग कोर्स है, जबकि दूसरा पाठ्यक्रम बेसिक एवं एडवांस रिवर राफ्टिंग कोर्स के रूप में संचालित किया जा रहा है। दोनों पाठ्यक्रमों का आयोजन टिहरी जनपद के कौड़ियाला क्षेत्र में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को गंगा नदी के तेज बहाव में राफ्टिंग से जुड़ी विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है। इसमें तैराकी, खोज एवं बचाव, पैडलिंग, टीमवर्क, राफ्ट को पलटने और दोबारा सीधा करने की तकनीक तथा प्राथमिक उपचार सहित अन्य महत्वपूर्ण कौशलों का प्रशिक्षण शामिल है। संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा (एसएम, बीएसएम, एमआईडी) ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रिवर राफ्टिंग का प्रशिक्षण लेने और इसका संचालन करने के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।