डीडीहाट नगर के रामलीला मैदान में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में झूलाघाट चैंपियन बनी। उसने हरसैम क्लब हाट को हराकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। नवयुवक मंगल दल हाटथर्प की तरफ से आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हरसैम क्लब हाट और झूलाघाट के बीच खेला गया। पहले सेट में झूलाघाट ने हाट को 25-22 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। दूसरे सेट में झूलाघाट ने ही 25-23 से मुकाबला जीता। तीसरा सेट में भी झूलाघाट ने 25-21 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। विक्रम बिष्ट और बलवंत रावल ने रेफरी की भूमिका निभाई। सौरभ शाह, हर्षित मेहरा ने मैच का आंखों देखा हाल सुनाया। मैन ऑफ द मैच अनुज पुजारा व मैन ऑफ द सिरीज शैलेंद्र शाह रहे। मुख्य अतिथि विधायक विशन सिंह चुफाल ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कनालीछीना के ब्लाॅक प्रमुख महिमन कन्याल, दल के अध्यक्ष शैलेंद्र शाह, किशोर शाह, लवि कफलिया, मनोज शाह, मनोज भंडारी, नकुल शाह, रेनू कार्की, नवीन कफलिया, भुवनेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।