बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को नगर निगम, जल संस्थान, विद्युत और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने भक्तियाना स्थित आवास विकास मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल, बिजली, यातायात और अग्निशमन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मेले से पहले मैदान को समतल करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। इसके लिए नगर निगम ने जेसीबी लगाई है, ताकि दुकानों और स्टॉलों के संचालन में परेशानी न हो। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।