कीर्तिनगर। सड़क सुविधा की मांग को लेकर गवाणा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को कीर्तिनगर में प्रदर्शन किया। ग्रामीण बाजार से जुलूस निकालते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया। इसके बाद ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय परिसर में एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने ‘2026 में रोड नहीं तो 2027 में वोट नहीं’ का नारा बुलंद किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सड़क सुविधा नहीं होने से उन्हें आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि वर्ष 2026 में सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। प्रदर्शन में ग्राम प्रधान, महिला मंगल दल, युवा लोक मंगल दल और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।