नैनीताल। जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल की ओर से नैनीताल क्लब स्थित शैले हॉल में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या ने किया। इसे सफल बनाने में जिला सेवायोजन अधिकारी नैनीताल प्रियंका गड़िया की मुख्य भूमिका रही। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों के कुल 11 नियोजकों और कंपनी प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इसमें प्रमुख रूप से पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, मदरसन सुमी वायरिंग इंडिया लिमिटेड, नम: होटल नैनीताल, एआईएमटी इंस्टीट्यूशन हलद्वानी, हर्बल क्रिएशंस कालाढूंगी, क्वेस कॉर्प लिमिटेड (टाटा मोटर्स), एसबीआई (इन्नोवसोर्स), आईडीएफसी फर्स्ट बैंक इमर्जिंग बैंकर, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एसबीआई (लाइफ इंश्योरेंस) शामिल रहे। प्रियंका गड़िया ने बताया कि मेले में कुल 185 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार के बाद कंपनी प्रतिनिधियों की ओर से 23 अभ्यर्थियों को मेला स्थल पर ही अंतिम रूप से चयनित किया गया, वहीं 56 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।