जब तक सरकार कानून वापस नहीं लेती विरोध जारी रहेगा-पंडित अधीर कौशिक हरिद्वार। यूजीसी के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट के रोक लगाने के फैसला का स्वागत करते हुए श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक के संयोजन में ब्राह्मण समाज के लोगों ने मालवीय घाट पर मां गंगा की पूजा अर्चना और दुग्धाभिषेक कर आभार जताया और सरकार की बुद्धि शुद्धि की कामना की। इस दौरान श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक, निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति गिरी समेत ब्राह्मण समाज के कई लोग मौजूद रहे। सभी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना करते हुए यूजीसी को काला कानून बताया और इसे लागू करने वाली कमेटी के सदस्यों के पिंडदान की चेतावनी दी और खून से पत्र लिखकर राष्ट्रपति से यूजीसी के नए नियमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति गिरी ने कहा कि यूजीसी के विरोध में सवर्ण समाज के नेताओं का एक भी बयान न आना निंदनीय है। सरकार ने तो इस पर कोई प्रतिक्रिया ही नहीं दी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसका संज्ञान लिया और काले कानून पर रोक लगा दी। उन्होंने कहा कि देश में जिस समय सभी समाज एकजुट हो रहे हैं, उस समय ऐसा कानून लाकर लोगों को बांटने का कार्य किया जा रहा है। जिसे बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा।