चंपावत में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ के तहत न्याय पंचायत खर्ककार्की के खो-खो, कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पालिका सभासद गौरव कलौनी ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। सोमवार को गोरलचौड़ खेल मैदान में बालक-बालिका वर्ग की अंडर 14 और 19 आयु वर्ग की खो-खो, कबड्डी प्रतियोगिता हुई। खो-खो अंडर 14 बालिका वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चंपावत की टीम प्रथम रही। बालक वर्ग में आनंद बाल विद्या मंदिर की टीम विजेता रही। अंडर 19 कबड्डी बालिका वर्ग में जीजीआईसी चंपावत और बालक वर्ग में चंपावत कैंपस की टीम प्रथम रही। प्रतियोगिता का आयोजन संकुल क्रीड़ा प्रभारी निर्मला खाती के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता संपन्न कराने में मुकेश वर्मा, मुकेश टम्टा, यशवंत बोहरा, चंदन सिंह अधिकारी, अमित वर्मा, शंकर दत्त पांडेय, ललित कुमार, दीप ज्योति अधिकारी, कमला बिनवाल, ममता और आशा टम्टा ने सहयोग किया। युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत ने बताया जवाहर नवोदय विद्यालय खेल मैदान में राज्य स्तरीय हैंडबाल और गोरलचौड़ मैदान में टेबल टेनिस के ट्रायल लिए गए। इसमें जिले के ब्लॉक से हैंडबाल, टेबल टेनिस के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शन के आधार पर टीम का चयन किया गया। इसके अलावा पंचायत सभागार में बैडमिंटन के ट्रायल सांसद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुए।