पोखरी में राष्ट्रीय आपदा दिवस के अवसर पर शनिवार को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मिनी स्टेडियम विनायकधार स्थित स्टेजिंग एरिया में खंड विकास अधिकारी एवं इंसीडेंट कमांडर दिनेश सिंह नेगी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की टीमों ने अभ्यास किया। मॉक ड्रिल में पोखरी-मोहनखाल मोटर मार्ग पर गुनियाला के समीप भालू के हमले में दो लोगों के घायल होने की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस, वन, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंबुलेंस, पिंजरे और एनिमल ट्रैंक्विलाइजर गन सहित आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुईं। टीम ने दोनों घायलों को रेस्क्यू कर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। अभ्यास के दौरान विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की व्यवस्था परखी गई। इस दौरान वन अधिकारियों ने मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने और भालू सहित अन्य जंगली जानवरों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने रेस्क्यू में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के बारे में भी बताया।