बागेश्वर। कपकोट तहसील के ग्राम सभा चौना लोहारखेत के ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम पर मनमाने और अत्यधिक बिजली बिल भेजने का आरोप लगाया है। ग्राम प्रधान दुर्गा देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के कार्यालय में प्रदर्शन कर ईई को एक सामूहिक शिकायत पत्र भेजा है। बुधवार को ऊर्जा निगम कर्यालय में प्रदर्शन के बाद ईई को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों से गांव के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को अत्यधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। सामान्य खपत वाले घरों में भी 1500 से 2000 यूनिट तक की गलत रीडिंग दिखाई जा रही है, जिससे बिलों की धनराशि 20,000 से 25,000 रुपये तक पहुंच गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कोई नया उद्योग और अतिरिक्त लोड नहीं बढ़ा है, फिर भी बिजली की खपत अचानक 10 गुना दर्शा दी गई है। इतने भारी-भरकम बिलों का भुगतान करना गरीब परिवारों के लिए असंभव है।ग्रामीणों ने सभी घरेलू मीटरों की तुरंत थर्ड पार्टी टेस्टिंग कराने, पिछले छह महीनों की रीडिंग का ऑडिट कर गलत बिल निरस्त करने की मांग की है। इस मौके पर चंदन आर्या, राजेश भारती, सरस्वती देवी, शिव सिंह आदि मौजूद रहे।