वाराणसी। बाबतपुर स्थित सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल में रविवार को 63वीं सेठ एमआर जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन विजयवाड़ा के 15 वर्षीय खिलाड़ी आदित्य आरके ने बड़ा प्रदर्शन करते हुए छह बार के राष्ट्रीय चैंपियन सूर्य शेखर गांगुली को ड्रॉ पर रोक दिया। 11 दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन 180 टेबल पर खिलाड़ियों ने शतरंज की चालें चलीं। पहली बार वाराणसी में ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन और वाराणसी चेस एसोसिएशन के सहयोग से राष्ट्रीय चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। इसमें देश के दिग्गज ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर और फिडे टाइटल धारक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मौजूदा चैंपियन और प्रतियोगिता के शीर्ष वरीय खिलाड़ी पी. इनियान अपने खिताब का बचाव करने उतरे हैं। वहीं, दूसरी वरीयता प्राप्त सूर्य शेखर गांगुली, बी. अधिबान और अभिजीत गुप्ता समेत कई ग्रैंडमास्टर भी खिताब की दौड़ में शामिल हैं। प्रतियोगिता में कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। पहले दिन मौजूदा चैंपियन पी. इनियान का मुकाबला आदर्श सारस्वत से चल रहा था। वहीं, ‘द बीस्ट’ के नाम से विख्यात दूसरी वरीयता प्राप्त ग्रैंडमास्टर बी. अधिबान ने शंखदीप मैती को 40 मिनट शेष रहते हरा दिया। प्रतियोगिता का पहला परिणाम उत्तर प्रदेश के 11 वर्षीय गर्वित जैन और तेलंगाना के 10 वर्षीय डी. रेड्डी के बीच मुकाबले का आया। इसमें ओपनिंग की गलतियों के कारण गर्वित को हार का सामना करना पड़ा। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के आयुष एवं औषधि प्रशासन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, महापौर अशोक तिवारी, उद्योगपति आरके चौधरी और पंजाब नेशनल बैंक के जोनल मैनेजर दीपक सिंह ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक बजाज, यूपी चेस संघ के महासचिव एके रायजादा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।