सुल्तानपुर में शहर के पॉश इलाके गोलाघाट में बृहस्पतिवार रात गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली लंभुआ के पूर्व सपा विधायक संतोष पांडेय के अंगरक्षक के पैर में लगी। आनन-फानन में घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लंभुआ के पूर्व विधायक संतोष पांडेय बृहस्पतिवार को अपनी बुआ के घर राखी बंधवाने गोलाघाट आए थे। उनके साथ मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के बंधु मिश्र का पुरवा निवासी अवधेंद्र मिश्रा (34) पुत्र राजमणि मिश्रा भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अवधेंद्र पूर्व विधायक के अंगरक्षक हैं। रात करीब 9:30 बजे सीढ़ियों से ऊपर जाते समय उनके पास मौजूद लोड असलहा सीढ़ी से टकरा गया। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो अवधेंद्र के पैर में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूर्व विधायक और उनके साथ मौजूद लोग घायल अवधेंद्र को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। करीब 9:50 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईएमओ डॉ. गुफरान ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज किया और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गोली किन परिस्थितियों में चली, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।