सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज के टाउन क्लब मैदान (टीसीडी) पर चल रही 35वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। सुबह नौ बजे शुरू हुई प्रतियोगिता में दौड़, लंबी कूद और गोला प्रक्षेप समेत कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। मैदान पर मौजूद शिक्षक और खेलप्रेमी खिलाड़ियों का तालियों से उत्साह बढ़ाते रहे। सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शिवांचल के संजय कुमार प्रथम, पूर्वांचल के उमेश द्वितीय और जसवंत शर्मा तृतीय रहे। सीनियर बालिका वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में मुख्यांचल की सुमन ने पहला स्थान हासिल किया। अमीषा दूसरे और सोनांचल इंटरमीडिएट कॉलेज दुद्धी की खुशी तीसरे स्थान पर रहीं। सीनियर बालिका 100 मीटर दौड़ में मुख्यांचल की ज्योति प्रथम, पूर्वांचल की माही द्वितीय और मुख्यांचल की आंशिक तृतीय रहीं। जूनियर बालक 100 मीटर में पूर्वांचल के सत्यम पटेल ने बाजी मारी। विकास यादव दूसरे और ऊर्ध्वांचल के अनुराग तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर बालिका 100 मीटर में ऊर्ध्वांचल की अंजली प्रथम, पूर्वांचल की शिवकुमारी द्वितीय और शिवांचल की मिलन यादव तृतीय रहीं। जूनियर बालिका लंबी कूद में मुख्यांचल की अमृता मौर्य प्रथम, पूर्वांचल की गौर द्वितीय और शिवांचल की खुशी तृतीय रहीं।