विकास खंड करमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेलन नदी के तटवर्ती गांवों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के साथ कर्मनाशा कट नहर समेत अन्य नहरों से पानी आने के कारण बेलन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने से प्रधानमंत्री ग्रामीण संपर्क मार्ग जो घोरावल को राॅबर्ट्सगंज तथा राॅबर्ट्सगंज को मिर्जापुर से जोड़ता है। उस पर यमसोकर और कसया के बीच बना पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया। करीब नौ किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेलन नदी का पानी आसपास के कई गांवों को भी घेर चुका है। इनमें कसया कला, देवरा, वसदेवा, एमसोकर, कसया खुर्द, भगवंतपुर और कमरिया सहित अन्य गांव शामिल हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए ग्रामीण अपने बचाव के उपाय तलाशने में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार फिलहाल नदी का जलस्तर न तो बढ़ रहा है और न ही घट रहा है। विकास मेहता, सुमन मिश्रा, रोहित और मृत्युंजय ने बताया कि बाढ़ के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नदी का जलस्तर फिर बढ़ा तो हालात और बिगड़ सकते हैं।