शाहजहांपुर। धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। रूट डायवर्जन और एकल मार्ग व्यवस्था लागू होने के बावजूद शुक्रवार दोपहर बाद हालात बिगड़ गए। प्रमुख चौराहों से लेकर बाजारों तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाइक, कार और ई-रिक्शा की रफ्तार थमने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। त्योहार को देखते हुए पंखी चौराहा से घंटाघर और कच्चा कटरा से चारखंभा तक एकल मार्ग व्यवस्था लागू की गई थी। यहां पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। इसके बावजूद दोपहर बाद बहादुरगंज में खरीदारों की भीड़ बढ़ते ही यातायात व्यवस्था लड़खड़ा गई। सदर थाने के पास आर्य समाज की ओर जाने वाला मार्ग जाम की चपेट में आ गया। पंखी चौराहा से बहादुरगंज जाने वाले रास्ते पर ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों की आवाजाही रोकने से दूसरे मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। लाल इमली चौराहा और टाउनहाल मार्ग पर भी जाम के हालात बने रहे। बहादुरगंज बाजार में दोपहिया वाहनों के प्रवेश से स्थिति और बिगड़ गई। बाजार के अंदर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। शाम होते-होते लगभग सभी प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। खरीदारी करने निकले लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे। सीओ यातायात व्यवस्था रणवीर सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।