शाहजहांपुर में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने शनिवार को जिले में मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति परखी। उन्होंने अधिकारियों के साथ कम्पोजिट विद्यालय हथौड़ा, गन्ना शोध परिषद और प्राथमिक विद्यालय लालपुर में बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीएलओ और सुपरवाइजरों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के कार्य की जानकारी ली। उन्होंने फॉर्म छह, सात और आठ के निस्तारण की स्थिति के साथ ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की प्रगति भी जानी। चिह्नित मतदाताओं के सत्यापन और दूसरे स्थानों पर निवास करने वाले मतदाताओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। पांडेय ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव इसी मतदाता सूची के आधार पर कराया जाएगा। ऐसे में सूची में किसी तरह की त्रुटि नहीं रहनी चाहिए। सूची शुद्ध होगी, तभी स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव संपन्न हो सकेगा। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जांच में खामी मिलने पर जवाबदेही तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत और एसडीएम सदर प्रभात राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।