कलीनगर। कस्बे में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक महिला की जान ले ली। भूमि सेन मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रही महिला ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद महिला काफी दूर तक घिसटती चली गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक और ट्रॉली पर सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया। कलीनगर के वार्ड नंबर दो निवासी सावित्री देवी शुक्रवार सुबह कस्बे से सटे भूमि सेन मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रही थीं। वह कस्बे में लगे ट्रांसफार्मर के पास पहुंची थीं, तभी पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के पीछे लगी लेंटर डालने वाली मशीन का हुक टूट गया था। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और महिला उसकी चपेट में आ गईं। ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से गुजरने के बाद वह काफी दूर तक घिसटती चली गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। चालक और ट्रॉली पर सवार करीब एक दर्जन लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया। इस बीच स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। महिला की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि कलीनगर चौकी प्रभारी मोहम्मद सैफ खान हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।