पीलीभीत के महोब रेंज से लगी बंगाली समाज की संजय नगर महोब कॉलोनी में पिछले 20 वर्षों से सड़क नहीं बनने के चलते यहां का कच्चा मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। बरसात के दिनों में स्कूल के बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव से स्कूल का लगभग तीन किलोमीटर का रास्ता पूरी तरह से दलदल बन चुका है। दो पहिया व पैदल जाने वाले लोग जंगल के रास्ते से घूमकर जा रहे हैं। स्कूल के बच्चों का कहना है कि जब से वह गांव में रह रहे हैं उन्होंने कभी इस मार्ग को बनते हुए नहीं देखा। शनिवार को तहसील समाधान दिवस में पहुंचे स्कूल के बच्चों ने डीएम ज्ञानेंद्र सिंह से जल्द सड़क बनाने की मांग की।