मेरठ में पहली बार भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम का दो दिवसीय एयर शो शनिवार से मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप परिसर में शुरू हुआ। शनिवार सुबह नौ बजे से जांबाज पायलटों ने आसमान में नौ हॉक विमानों के साथ रोमांचक हवाई करतब दिखाए। विमानों की सटीक उड़ान और अलग-अलग फॉर्मेशन ने दर्शकों का ध्यान खींचा। पांच मीटर की दूरी पर उड़ान भरेंगे विमान स्क्वाड्रन लीडर तुषार शर्मा ने बताया कि भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एशिया की इकलौती नौ एयरक्राफ्ट एयरोबेटिक टीम है। उनके अनुसार, विमान कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी की कमान में एक-दूसरे से महज पांच मीटर की दूरी पर उड़ान भरकर वायुसेना के प्रोफेशनलिज्म और एक्यूरेसी का प्रदर्शन करेंगे। नौ हॉक विमानों ने दिखाए हवाई करतब शनिवार को नौ हॉक एमके-132 विमानों ने आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए रोमांचक करतब दिखाए। करीब 35 मिनट के प्रदर्शन के दौरान विमानों ने बेहद कम अंतर पर एक साथ उड़ान भरी। लूप, हार्ट और बैरल रोल ने बढ़ाया रोमांच एयर शो में दर्शकों को लूप, हार्ट, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैन्यूवर जैसे हवाई करतब देखने को मिले। विमानों की एक साथ सटीक उड़ान और अलग-अलग फॉर्मेशन प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण रही। आसमान में दिखी तिरंगे की छटा सूर्य किरण के विमानों से निकलने वाली केसरिया, सफेद और हरे रंग के धुएं की लकीरों ने आसमान में तिरंगे की छटा बिखेरी। हवाई करतबों के साथ रंगीन धुएं की लकीरों ने एयर शो के रोमांच को और बढ़ा दिया। कल भी होगा 35 मिनट का प्रदर्शन एयर शो का दूसरा दिन रविवार को होगा। रविवार सुबह नौ बजे भी नौ हॉक एमके-132 विमान आसमान में उड़ान भरेंगे। करीब 35 मिनट के प्रदर्शन के दौरान विमान बेहद कम अंतर पर एक साथ अलग-अलग फॉर्मेशन में उड़ान भरेंगे और दर्शकों को विभिन्न हवाई करतब देखने को मिलेंगे।