मेरठ शहर की कई मुख्य सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों की स्थिति और खराब हो गई है। कई जगह गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा है। गांधी आश्रम चौराहे से सूरजकुंड चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे नजर आ रहे हैं। वाहन चालकों को इन गड्ढों से बचकर निकलना पड़ रहा है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। हादसा हुआ तो जिम्मेदारी किसकी? स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन परेशानी होती है। बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। लोगों का सवाल है कि यदि इन गड्ढों के कारण कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को जल्द भरने की मांग की है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।